Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार: झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (JPSC) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अपर समाहर्ता रामा रविदास ने लातेहार और मनिका प्रखंड के सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
व्यवस्था और गोपनीयता पर खास फोकस
निरीक्षण के दौरान विधि-व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधा, बैठने की व्यवस्था और प्रश्नपत्र की गोपनीयता की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी जिम्मेदारियां तय मानकों के अनुसार निभाई जाएं।
यह भी पढ़ें: पश्चिम एशिया संकट पर आज अहम बैठक, पीएम मोदी करेंगे उच्चस्तरीय समीक्षा
समन्वय के साथ निष्पक्ष परीक्षा पर जोर
अपर समाहर्ता ने सभी कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए हर स्तर पर सतर्कता जरूरी है।
तैयारियां पूरी, निगरानी सख्त
जिला प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। हर केंद्र पर निगरानी की व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे। निरीक्षण के दौरान डीआरडीबी निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश कुमार मंडल, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
दो पालियों में होगी परीक्षा
JPSC प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। जिले में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। चंदवा, लातेहार और मनिका के प्रमुख स्कूल-कॉलेजों में परीक्षा आयोजित होगी, जहां परीक्षार्थियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।