Samachar Post रिपोर्टर,दुमका :दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र में एक महिला का शव कुएं से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना बहियार स्थित कोदवा बांध के पास की है, जहां पत्रिका देवी का शव बरामद किया गया। वह अशोक पोद्दार की पत्नी थीं और उनकी शादी करीब 25 साल पहले हुई थी, लेकिन उन्हें संतान नहीं थी।
यह भी पढ़ें :पश्चिम एशिया संकट पर आज अहम बैठक, पीएम मोदी करेंगे उच्चस्तरीय समीक्षा
सुबह घर से निकली, फिर नहीं लौटी
परिजनों के मुताबिक, महिला शनिवार सुबह करीब 4 बजे घर से बाहर गई थी, लेकिन लंबे समय तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद पास के एक कुएं में उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों की मदद से निकाला गया शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। फिलहाल महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
परिवार में मातम, जवाब का इंतजार
घटना के बाद मृतका के परिजन सदमे में हैं और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
Reporter | Samachar Post