रांची में महिला की हत्या का खुलासा, गैंगरेप के बाद जंगल में फेंका गया शव; तीन आरोपी गिरफ्तार

Rupa Kumari | June 23, 2026 | 12:15 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र स्थित सहारजोरी जंगल में महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतका पिछले दो दिनों से लापता थी। 19 जून को घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटी, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई और पुलिस जांच में जुट गई।

जंगल से बरामद हुआ शव

रविवार सुबह तुपुदाना क्षेत्र के सहारजोरी जंगल में महिला का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए, जिसके बाद हत्या और यौन अपराध की आशंका गहराई।

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान तीन संदिग्धों की पहचान हुई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में उसकी हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया। गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों को एकत्र कर मजबूत चार्जशीट तैयार करने की प्रक्रिया में जुटी है।

यह भी पढ़ें: झारखंड के 291 पीवीटीजी टोलों तक पहुंचेगा स्वच्छ पेयजल, 320 सौर आधारित जलापूर्ति योजनाओं को मंजूरी

महिलाओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में त्वरित जांच कर कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। यौन अपराध से जुड़े मामलों में पीड़िता की पहचान कानूनन गोपनीय रखी जाती है। इसलिए उसकी व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें