जमशेदपुर में बच्चा चोर की अफवाह का शिकार हुए दो लोग, ग्रामीणों ने की पिटाई

Rupa Kumari | March 7, 2026 | 03:27 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: जमशेदपुर के कोवाली थाना क्षेत्र के रसुनचोपा गांव में शनिवार को बच्चा चोरी की अफवाह के चलते दो संदिग्ध लोगों को ग्रामीणों ने पकड़कर जमकर पीट दिया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोरी की अफवाह तेजी से फैल रही है, जिसके कारण ग्रामीणों में डर और सतर्कता का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने पकड़कर की पूछताछ

मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात से ही रसुनचोपा और आसपास के गांवों में दो संदिग्ध लोगों के घूमने की चर्चा हो रही थी। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने एक युवक और एक युवती को गांव में घूमते देखा तो उन्हें पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों से पूछताछ की, लेकिन जब वे स्पष्ट जवाब नहीं दे सके तो कुछ लोगों ने उनकी पिटाई कर दी।

यह भी पढ़ें: खेत में मिली डिलीवरी बॉय की लाश, इलाके में सनसनी; पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने पहुंचकर दोनों को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही धनन्जय पासवान मौके पर पहुंचे और दोनों को ग्रामीणों से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों चाईबासा क्षेत्र के रहने वाले हैं और मानसिक रूप से विक्षिप्त बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर उनके परिवार और पते की जानकारी जुटा रही है।

प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की

थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह के आधार पर कानून को अपने हाथ में न लें। उन्होंने कहा कि अगर गांव में कोई अजनबी दिखाई देता है तो शांतिपूर्वक पूछताछ करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और प्रशासन के साथ सहयोग करें, ताकि किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।

Share this news

संबंधित खबरें