खेत में मिली डिलीवरी बॉय की लाश, इलाके में सनसनी; पुलिस जांच में जुटी

Rupa Kumari | March 7, 2026 | 12:15 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : नगर थाना क्षेत्र के प्यादापुर में शनिवार सुबह एक खेत से डिलीवरी बॉय मनोहर मंडल का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल  भेज दिया।

ताड़ के पेड़ के नीचे मिला शव

जानकारी के अनुसार सुबह कुछ ग्रामीण प्यादापुर के पास खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर ताड़ के पेड़ के नीचे पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मनदीप मेहता के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।

यह भी पढ़ें: डीआईजी किशोर कौशल कानून-व्यवस्था पर सख्त, बोले – लापरवाही बर्दाश्त नहीं

डिलीवरी बॉय के रूप में करता था काम

पुलिस जांच में मृतक की पहचान मनोहर मंडल के रूप में हुई है। वह हिरणपुर थाना क्षेत्र के तोड़ाई गांव का रहने वाला था और डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था।

घटनास्थल से मिला संदिग्ध पाउडर

पुलिस को घटनास्थल से एक पुड़िया में पाउडर जैसी संदिग्ध सामग्री भी मिली है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह जहर हो सकता है और मृतक ने आत्महत्या की हो। हालांकि पुलिस ने कहा है कि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।

सभी पहलुओं पर जांच

एएसआई मंदीप मेहता ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर संभावित एंगल को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें