रांची में 24 से 26 अक्टूबर तक होगा चौथा सैफ सीनियर एथलेटिक चैंपियनशिप का आयोजन, डीसी ने की तैयारियों की समीक्षा

Rupa Kumari | October 17, 2025 | 05:54 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोराबादी एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल का आयोजन होने वाला है। आगामी 24 से 26 अक्टूबर तक यहां आयोजित होने जा रही चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक चैंपियनशिप-2025 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता दक्षिण एशियाई एथलेटिक फेडरेशन (सैफ) द्वारा आयोजित की जा रही है, जिसमें भारत, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका से प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं तकनीकी पदाधिकारी भाग लेंगे। यह आयोजन झारखंड ही नहीं, पूरे देश के लिए गर्व का अवसर होगा। बैठक में उपायुक्त ने आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, आवास एवं परिवहन, मीडिया कवरेज और आपातकालीन प्रोटोकॉल जैसे विषयों पर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल खेल उत्साह को बढ़ाएगा बल्कि रांची को अंतरराष्ट्रीय खेल गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।

यह भी पढ़ें: 5वीं इंडियन ओपन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड के सदानंद और रौशन ने जीता रजत पदक

सभी विभागों को समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने और किसी भी प्रकार की कमी को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों की सुविधा, खिलाड़ियों की सुरक्षा और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उच्च स्तर की हों। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, सैफ के पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र सिंह सहित कई संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share this news

संबंधित खबरें