बैंक ऑफ बड़ौदा ने अनिल अंबानी की रिलायंस कम्युनिकेशंस के लोन को घोषित किया फ्रॉड

Rupa Kumari | September 5, 2025 | 01:55 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCom) की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा ने कंपनी के लोन अकाउंट को फ्रॉड घोषित कर दिया है। कंपनी ने इस बारे में शेयर बाजार को जानकारी दी। इससे पहले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और बैंक ऑफ इंडिया भी RCom के लोन को फ्रॉड करार दे चुके हैं।

शेयरों में भारी गिरावट

बैंक ऑफ बड़ौदा की इस कार्रवाई के बाद RCom के शेयरों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। कंपनी का शेयर 2.8% टूटकर BSE पर 1.39 रुपये पर बंद हुआ, जो उसके 52 हफ्तों के न्यूनतम स्तर 1.33 रुपये के बेहद करीब है। कंपनी को 2 सितंबर को बैंक का पत्र मिला था, जिसमें लोन अकाउंट को फ्रॉड घोषित करने की बात कही गई।

यह भी पढ़ें : पाकुड़ में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की धूम, फूलों की बारिश से हुआ जुलूस का स्वागत

कंपनी का पक्ष

RCom ने बयान जारी कर कहा कि वह पहले से ही कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (CIRP) से गुजर रही है। क्रेडिटर्स ने समाधान योजना को मंजूरी दी है, लेकिन इसे अभी NCLT की स्वीकृति का इंतजार है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि अनिल अंबानी का रोजमर्रा के कारोबार में कोई दखल नहीं था। वे 2006 से 2019 तक केवल नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर जुड़े थे।

बढ़ता कानूनी और वित्तीय संकट

अनिल अंबानी और उनका कारोबार पहले से ही कई वित्तीय संकटों से जूझ रहा है। उनकी कई कंपनियां बिक चुकी हैं या दिवाला प्रक्रिया में हैं। हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रिलायंस ग्रुप से जुड़ी 35 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिसमें 50 कंपनियां और 25 लोग जांच के घेरे में आए। कभी भारत के सबसे अमीर कारोबारियों में गिने जाने वाले अनिल अंबानी का कारोबारी साम्राज्य अब लगभग बिखर चुका है।

Share this news

संबंधित खबरें