झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट: 17 सितंबर तक यलो वार्निंग जारी

Rupa Kumari | September 12, 2025 | 11:59 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में लगातार हो रही बारिश फिलहाल थमने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने राज्य में 17 सितंबर (विश्वकर्मा पूजा) तक बारिश की संभावना जताई है और इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

12 से 14 सितंबर तक तेज हवाएं और वज्रपात का खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक 12, 13 और 14 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा।

यह भी पढ़ें : 2027 तक कुष्ठ रोग उन्मूलन का लक्ष्य : झारखंड से शुरू हुआ ‘निकुष्ठ 2 पोर्टल’ का पायलट प्रोजेक्ट

15 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी

15 सितंबर को झारखंड के कई जिलों देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड़डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है।

रांची और जमशेदपुर में झमाझम बारिश

गुरुवार को राजधानी रांची में दोपहर बाद बिजली की गरज और चमक के साथ जोरदार बारिश हुई। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। इसी तरह, जमशेदपुर में भी शाम को झमाझम बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

सबसे ज्यादा बारिश और तापमान का हाल

पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 58.4 मिमी बारिश ढालभूमगढ़ (पूर्वी सिंहभूम) में दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में, जबकि न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

लगातार बारिश से लातेहार समेत कई जिलों में हरियाली छा गई है।

Share this news

संबंधित खबरें