Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा 19 जुलाई 2026 को कोडरमा जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 लागू कर दी गई है।
तीन पालियों में आयोजित होगी परीक्षा
जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा तीन पालियों में संपन्न होगी…
- प्रथम पाली: सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक
- द्वितीय पाली: सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक
- तृतीय पाली: अपराह्न 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक
निषेधाज्ञा सुबह 7:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक प्रभावी रहेगी।
परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ लगाने पर रोक
धारा-163 के तहत परीक्षा केंद्रों की सीमा से 100 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के उद्देश्य से लागू किया गया है। हालांकि, यह प्रतिबंध परीक्षार्थियों, परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पुलिस बल पर लागू नहीं होगा।

लाउडस्पीकर और हथियारों पर भी प्रतिबंध
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा अवधि के दौरान लाउडस्पीकर और माइक के उपयोग पर रोक रहेगी। किसी प्रकार के हथियार, लाठी या घातक सामग्री लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा की गोपनीयता भंग करने वाली गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चिट-पुर्जा और संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास होटल, चाय दुकानों, पान दुकानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक भीड़ जुटाने पर भी रोक लगाई है। इसके अलावा चिट-पुर्जा तैयार करने, बांटने या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि में शामिल पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : कोडरमा से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ, मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने गिनाईं उपलब्धियां
प्रशासन ने सहयोग की अपील की
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन में सहयोग दें।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

