जमशेदपुर : शराब दुकान के खिलाफ सड़क पर उतरे बस्तीवाले, किया जोरदार प्रदर्शन

Rupa Kumari | September 15, 2025 | 03:46 PM IST
  • कॉलेज और मंदिर के पास शराब दुकान पर आपत्ति

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : नगर बागूनहातू चौक स्थित शराब दुकान को लेकर सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में बस्तीवासी सड़क पर उतरे और दुकान बंद करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दुकान से 100 मीटर की दूरी पर विमेंस कॉलेज, मंदिर और कंपनी है। इसके बावजूद सुबह से देर रात तक दुकान के बाहर शराबियों की भीड़ लगी रहती है, जिससे छात्राओं और महिलाओं को असुविधा झेलनी पड़ती है।

युवाओं पर पड़ रहा नशे का असर

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान की वजह से बस्ती के कई युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं। मजदूरी करने वाले श्रमिक भी अपनी मेहनत की कमाई शराब पर खर्च कर रहे हैं, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है।

यह भी पढ़ें : बिहार में बड़ा फर्जीवाड़ा: दूसरे की सर्टिफिकेट पर महिला ने हासिल की टीचर की नौकरी

पहले भी उठाया गया मुद्दा

प्रदर्शन में शामिल सोनू सरकार, पूरन साहू समेत अन्य लोगों ने बताया कि इस मुद्दे को पहले भी थाने में उठाया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन अब बस्तीवाले सड़क पर उतरे हैं।

प्रशासन को चेतावनी

बस्तीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे। लोगों ने यहां तक कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे शराब दुकान में तालाबंदी भी करेंगे।

Share this news

संबंधित खबरें