मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

14वीं JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामला: पूर्व चेयरमैन एल. ख्यांगते से आज CID करेगी पूछताछ, जांच निर्णायक चरण में

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच अब अहम मोड़ पर पहुंच गई है। मामले की जांच कर रही CID मंगलवार को आयोग की पूर्व चेयरमैन एल. ख्यांगते से पूछताछ करेगी। एजेंसी परीक्षा संचालन, चयन प्रक्रिया और परिणाम तैयार करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर उनसे सवाल-जवाब करेगी।

यह भी पढ़ें : धनबाद में ED की बड़ी रेड: अवैध कोयला कारोबार से जुड़े 25 ठिकानों पर छापेमारी, कई कारोबारी जांच के दायरे में

दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर होगी पूछताछ

CID अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच में मिले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों से कई नए तथ्य सामने आए हैं। इन्हीं जानकारियों के आधार पर पूर्व चेयरमैन से विस्तृत पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि 14वीं सिविल सेवा संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा समेत अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताएं किस स्तर तक हुईं और इसमें किन लोगों की भूमिका रही।

अब तक 10 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी

इस मामले में CID अब तक पूर्व परीक्षा नियंत्रक समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में परीक्षा संचालन और मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़े कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि इनसे पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर अब जांच का दायरा और व्यापक किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, CID पूर्व चेयरमैन से परीक्षा संचालन, OMR शीट की प्रक्रिया, मूल्यांकन प्रणाली, परिणाम तैयार करने और चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े कई सवाल पूछेगी। साथ ही परीक्षा के दौरान लिए गए प्रशासनिक फैसलों में उनकी भूमिका की भी जांच की जाएगी।

जांच में सहयोग की बात कही

पूर्व चेयरमैन एल. ख्यांगते ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को पूरा सहयोग देंगी। उनका कहना है कि उन्होंने पहले भी जांच एजेंसियों के समक्ष अपना पक्ष रखा है और इस बार भी हर सवाल का जवाब देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।

डिजिटल फॉरेंसिक जांच भी जारी

CID जब्त किए गए कंप्यूटर, हार्ड डिस्क, सर्वर और अन्य डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच भी कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की छेड़छाड़ हुई थी या नहीं और यदि हुई तो उसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार था। माना जा रहा है कि पूर्व चेयरमैन से पूछताछ के बाद जांच को नई दिशा मिल सकती है।

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment