रांची : एचईसी के कर्मियों में जागी आस, मिलने वाला है 200 करोड़ का वर्क-ऑर्डर

Samachar Post | March 29, 2024 | 06:09 AM IST


Samachar Post, रांची : हैवी इंजीनियरिंग कार्पोरेशन (एचईसी) के कर्मियों में एक बार फिर आस जागी है। जल्द ही एचईसी बड़े प्रोजेक्ट पर काम करने वाली है। यहां के कर्मियों का वेतन करीब 22 महीने से बकाया है। ऐसे में अब एचईसी को 200 करोड़ का नया वर्क-ऑर्डर मिलने वाला है। बीते दिनों एचईसी के सीएमडी कोप्पु सदाशिव मूर्ति (जो भेल के भी सीएमडी है) ने रांची में एचईसी के मजदूर यूनियन, ऑफिसर एसोसिएशन से मुलाकात की थी। इस मुलाकात में उन्होने भेल के क्रेन के लिए 200 करोड़ का वर्क आर्डर देने कि बात भी कही थी। जानकारी के अनुसार भेल इसके लिए कार्य पूंजी देगी। वहीं जो भी प्रोफ़िट होगा, उसे एचईसी को दिया जाएगा।

रीकन्डिशन में लगभग 10 करोड़ खर्च होने का अनुमान
एचईसी में कई दिनों से काम बंद है, जिसके कारण मशीनें धूल फांक रही है। एचईसी के कर्मचारियाें में चर्चा है कि भेल से जो वर्क आर्डर मिलेगा उसे बनाने के लिए फ़ैब्रिकेशन और क्रेन मशीन की आवश्यकता होगी। वहीं, सालों से बंद पड़ी मशीनों को दोबारा काम लायक बनाने के लिए रीकन्डिशन में लाना होगा। जिसके लिए ऑइलिंग, ग्रीसिंग और रख-रखाव में लगभग 10 करोड़ खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

एक प्रोजेक्ट पूरा होते और भी प्रोजेक्ट मिलने की उम्मीद

200 करोड़ का वर्क आर्डर मिलने से एचईसी के दिन दोबारा बहुर सकते हैं। इस काम को अगर ससमय पूरा कर देता है तो और भी बड़े वर्क आर्डर मिलने की संभावना है, जिससे एचईसी के खुद काम करके अपने ऊपर की लायबिलिटी कम कर सकता है। वहीं एचईसी बचाओ मजदूर जन संघर्ष समिति का 70वें दिन भी आंदोलन जारी है। वेतन भुगतान, सप्लाई मजदूरों का कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू समेत अन्य मांगों के साथ एचईसी मुख्यालय के सामने आंदोलनरत हैं।

Share this news

संबंधित खबरें