Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड पुलिस के डीएसपी और एसपी रैंक के अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलने जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों (UN Peace Operations) में पुलिस अधिकारियों की पेशेवर दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2026 के लिए विभिन्न वैश्विक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में नामांकन आमंत्रित किए हैं। इस संबंध में गृह मंत्रालय ने झारखंड सहित सभी राज्यों के मुख्य सचिवों, पुलिस महानिदेशकों (DGP) और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के प्रमुखों को पत्र भेजकर पात्र अधिकारियों के नामांकन मांगे हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र और विभिन्न सहयोगी देशों के सहयोग से आयोजित किए जाएंगे।
24 जुलाई तक भेजे जा सकते हैं नामांकन
मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार वर्तमान में सेवा में कार्यरत डीएसपी और एसपी रैंक के पुरुष एवं महिला अधिकारी इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकते हैं। नामांकन भेजने की अंतिम तिथि 24 जुलाई निर्धारित की गई है। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। डिजिटल प्रक्रिया के तहत सभी आवेदन और आवश्यक दस्तावेज केवल ई-मेल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। किसी भी प्रकार की हार्ड कॉपी जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
इन देशों में आयोजित होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम
संयुक्त राष्ट्र समर्थित ये प्रशिक्षण कार्यक्रम निम्न देशों में आयोजित किए जाएंगे…
- जर्मनी
- स्वीडन
- नीदरलैंड
- बोस्निया
- हर्जेगोविना
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय शांति मिशनों, संघर्ष प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता और वैश्विक सुरक्षा मानकों से संबंधित विशेष प्रशिक्षण प्रदान करना है।
यह भी पढ़ें : कम बारिश से निपटने की तैयारी में झारखंड सरकार, किसानों के लिए विशेष कृषि योजना पर जोर
चयन के लिए तय की गई हैं महत्वपूर्ण शर्तें
गृह मंत्रालय के अनुसार इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भारत के लिए कोई निर्धारित कोटा या सीट आरक्षित नहीं है। चयन प्रक्रिया सभी संयुक्त राष्ट्र सदस्य देशों के अधिकारियों के लिए समान रूप से खुली रहेगी और अंतिम चयन संयुक्त राष्ट्र तथा संबंधित मेजबान देशों द्वारा तय मानदंडों के आधार पर किया जाएगा। आवेदन के साथ सतर्कता स्वीकृति (Vigilance Clearance) और कैडर स्वीकृति (Cadre Clearance) अनिवार्य होगी। इन दस्तावेजों के बिना प्राप्त नामांकन स्वतः निरस्त कर दिए जाएंगे।

प्रत्येक राज्य से अधिकतम तीन नामांकन
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक राज्य सरकार, पुलिस संगठन या केंद्रीय बल अधिकतम तीन अधिकारियों के नामांकन ही भेज सकता है। यदि तीन से अधिक आवेदन भेजे जाते हैं तो केवल पहले तीन नामांकनों पर ही विचार किया जाएगा। इसके अलावा कोई भी अधिकारी केवल एक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के लिए ही आवेदन कर सकेगा।
अंतरराष्ट्रीय अनुभव से बढ़ेगी पुलिसिंग की गुणवत्ता
विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों से पुलिस अधिकारियों को वैश्विक स्तर की कार्यप्रणालियों, आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों और शांति अभियानों के संचालन का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। इससे झारखंड पुलिस के अधिकारियों की पेशेवर क्षमता और नेतृत्व कौशल को भी मजबूती मिलेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

