Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के सरिया प्रखंड के कुसुमाड़ीह पंचायत सचिवालय में गुरुवार को SIR कार्य के लिए लगाए गए कैंप के दौरान हंगामा हो गया। मोबाइल से वीडियो बनाने को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी और एक स्थानीय युवक के बीच विवाद हो गया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने BDO समेत पंचायत सचिवालय में मौजूद अन्य कर्मियों को अंदर बंद कर दिया। सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया।
वीडियो बनाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी
जानकारी के अनुसार, कुसुमाड़ीह पंचायत सचिवालय में SIR से संबंधित कार्य के लिए कैंप लगाया गया था। सरिया BDO ललित नारायण तिवारी भी सर्वेक्षण कार्य के लिए वहां पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय युवक आजाद अंसारी मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगा। BDO ने वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि विवाद के दौरान BDO ने युवक के साथ मारपीट की और उसका गला दबाया। हालांकि, प्रशासन की ओर से घटना को लेकर अलग पक्ष बताया गया है। मामले की पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
ग्रामीणों ने BDO से माफी की मांग की
विवाद की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचायत सचिवालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने BDO के खिलाफ नाराजगी जताई और उन्हें अन्य कर्मचारियों के साथ सचिवालय के अंदर बंद कर दिया। ग्रामीण BDO से माफी मांगने की मांग पर अड़े रहे। कर्मचारियों के बंधक बनाए जाने की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के बीच भी हलचल बढ़ गई।

SDM और SDPO मौके पर पहुंचे
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही सरिया-बगोदर SDM संतोष गुप्ता और SDPO धनंजय राम मौके पर पहुंचे। इसके अलावा सरिया, बगोदर और आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की तथा दोनों पक्षों की बात सुनी। अधिकारियों की पहल के बाद ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य कराया गया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर पंचायत सचिवालय के बाहर पुलिस बल तैनात रखा गया। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी।
यह भी पढ़ें : रांची के मौसम में आज से बदलाव, गरज-वज्रपात के साथ बारिश की संभावना; शनिवार को इन जिलों में भारी बारिश
SDM बोले- हल्की नोकझोंक के बाद बिगड़ा माहौल
सरिया-बगोदर SDM संतोष गुप्ता ने बताया कि BDO के साथ हल्की नोकझोंक हुई थी, जिसके बाद कुछ ग्रामीण आक्रोशित हो गए। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल इलाके में स्थिति शांत है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


