Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में सुरक्षा बलों और पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार उग्रवादियों के कब्जे से एक AK-47 राइफल और एक पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस ने इसे नक्सली नेटवर्क के खिलाफ बड़ी उपलब्धि बताया है।
खुफिया सूचना के आधार पर चला विशेष अभियान
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव स्थित एक घर में छिपा हुआ है। सूचना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार रवि सिंह सरदार नक्सली संगठन का सक्रिय सदस्य है और स्पेशल एरिया कमेटी से जुड़ा हुआ था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की गई।

पूछताछ के बाद दो और इनामी नक्सली दबोचे गए
रवि सरदार से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चांडिल थाना क्षेत्र के कांदेरबेड़ा स्थित एक मकान में छापेमारी की। अभियान के दौरान 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली मदन महतो उर्फ शंकर और दो लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली मीना को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक मदन महतो पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले का निवासी है और नक्सली संगठन में रीजनल कमेटी सदस्य के रूप में सक्रिय था। वहीं मीना पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले की रहने वाली है और लंबे समय से संगठन से जुड़ी हुई थी। छापेमारी के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के कब्जे से एक AK-47 राइफल और एक पिस्टल बरामद की। पुलिस का मानना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल नक्सली गतिविधियों में किया जा रहा था। बरामद हथियारों को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें : जामताड़ा में साइबर ठगों का नया तरीका, आंगनबाड़ी डेटा का दुरुपयोग कर गर्भवती महिलाओं को बना रहे निशाना
नक्सली नेटवर्क को लगा बड़ा झटका
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीन इनामी नक्सलियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि संगठन के कुछ अन्य सदस्य अभी भी आसपास के इलाकों में छिपे हो सकते हैं। इसी को देखते हुए सरायकेला-खरसावां और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान जारी रखा गया है। सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस अन्य संदिग्ध ठिकानों की पहचान कर रही है और संगठन से जुड़े लोगों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

