- महिला लीग के सभी मैच रांची में, मेंस लीग का रोमांच 11 से 16 जनवरी तक मरांग गोमके एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : हॉकी के दीवानों के लिए खुशखबरी है। हीरो हॉकी इंडिया लीग (HIL) 2025-26 सीजन का शेड्यूल जारी हो गया है। इस बार महिला और पुरुष दोनों वर्गों में जबरदस्त मुकाबले देखने को मिलेंगे। रांची में लगातार 19 दिन तक हॉकी का उत्सव चलेगा।
28 दिसंबर से शुरू हो रही विमेंस हॉकी इंडिया लीग के सभी मैच मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम रांची में खेले जाएंगे। इसका फाइनल 10 जनवरी को होगा। वहीं, मेंस एचआईएल की शुरुआत 3 जनवरी से चेन्नई में होगी, लेकिन 11 से 16 जनवरी तक मुकाबले रांची में होंगे।
खेल मंत्री और हॉकी इंडिया के महासचिव ने जारी किया शेड्यूल
इसकी घोषणा शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने की। इस दौरान रांची रॉयल्स टीम का आधिकारिक लोगो भी लॉन्च किया गया। मौके पर रांची रॉयल्स के मालिक एल्विश एमए, स्टार खिलाड़ी मनदीप सिंह, संगीता कुमारी, दीपिका सोरेंग, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग, आशीष तानी पुरती, हॉकी झारखंड के सीईओ रजनीश कुमार और सचिव विजय शंकर भी मौजूद रहे।
रांची की टीम, रांची की शान
खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि रांची की टीम के गठन से झारखंड के खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिला है। उन्होंने कहा हमने कोशिश की है कि राज्य के सभी हॉकी खिलाड़ियों को एक टीम में जोड़ा जाए। हालांकि उन्होंने झारखंड की बेटी और भारतीय कप्तान सलीमा टेटे के शामिल न होने पर खेद जताया और कहा सलीमा पर झारखंड का कर्ज है, उसे यह कर्ज चुकाना चाहिए।

विमेंस लीग : 28 दिसंबर से 10 जनवरी तक
विमेंस एचआईएल में रांची रॉयल्स, एसजी पाइपर्स, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब और श्राची रार्ह बंगाल टाइगर्स टीमें खेलेंगी। पहला मुकाबला रांची रॉयल्स बनाम एसजी पाइपर्स के बीच होगा। सभी मैच डबल राउंड रॉबिन फॉर्मेट में होंगे और कुल 13 मैच खेले जाएंगे।
यह भी पढ़ें : पारस एचईसी हॉस्पिटल और मिलिट्री हॉस्पिटल के बीच एमओयू
मेंस लीग : 3 जनवरी से 26 जनवरी तक
मेंस एचआईएल में 8 टीमें हिस्सा लेंगी। तमिलनाडु ड्रैगन्स, हैदराबाद तूफान्स, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब, श्राची रार्ह बंगाल टाइगर्स (डिफेंडिंग चैंपियन), वेदांता कलिंगा लांसर, रांची रॉयल्स, एसजी पाइपर्स और एचआईएल गवर्निंग काउंसिल टीम। ओपनिंग मैच चेन्नई में होगा, जबकि 11 से 16 जनवरी तक रांची में मुकाबले होंगे। फाइनल मैच 26 जनवरी को भुवनेश्वर में खेला जाएगा।
इंटरनेशनल टच के साथ हॉकी का उत्सव
इस बार अर्जेंटीना, बेल्जियम, जर्मनी, इंग्लैंड, स्पेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा HIL अब सिर्फ टूर्नामेंट नहीं, बल्कि हॉकी का त्योहार बन चुकी है। देश-विदेश के खिलाड़ी मिलकर भारत की हॉकी को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।


