सिमडेगा में सर्पदंश से 5 वर्षीय बच्ची की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Rupa Kumari | July 21, 2026 | 01:11 PM IST
  • रात में घर में सो रही थी मासूम, सुबह बेहोश मिलने पर अस्पताल ले गए परिजन

Samachar Post रिपोर्टर, सिमडेगा : जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बांस पहाड़ केरा झरिया गांव में सर्पदंश की एक दुखद घटना सामने आई है। जहरीले सांप के काटने से 5 वर्षीय बच्ची सिमरन डुंगडुंग की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिमरन डुंगडुंग रात में अपने घर में जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान उसे किसी जहरीले सांप ने काट लिया। सुबह जब परिजनों ने बच्ची को बेहोश अवस्था में देखा तो उन्हें सर्पदंश की आशंका हुई। इसके बाद परिजन तत्काल बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पोस्टमार्टम को लेकर हुआ विवाद

अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने को लेकर कुछ समय तक परिजनों और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बनी रही। परिजन शुरुआत में पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं थे, जिसके कारण अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। बाद में पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। इसके बाद बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और आगे की प्रक्रिया पूरी की गई।

यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में रंगदारी नहीं देने पर दुकानदार पर चापड़ से हमला, एक आरोपी गिरफ्तार

बरसात के मौसम में बढ़ता है सर्पदंश का खतरा

बरसात के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय पीड़ित को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाना चाहिए, ताकि समय पर इलाज मिल सके।

Share this news

संबंधित खबरें