सरायकेला में बारिश का कहर: कच्चा मकान ढहा, तीन महिलाएं घायल, दो बच्चे सुरक्षित

Rupa Kumari | August 14, 2026 | 12:56 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र स्थित मिल्लत नगर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे में घर के अंदर मौजूद तीन महिलाएं मलबे में दबकर घायल हो गईं, जबकि दो बच्चे सुरक्षित बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मलबे में दब गईं तीन महिलाएं

हादसे में घायल महिलाओं की पहचान 62 वर्षीय हसीना बानो, 45 वर्षीय नाजनीन बानो और 25 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई है। मकान गिरते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने मलबे में फंसी महिलाओं को बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए टीएनबी नर्सिंग होम पहुंचाया। अस्पताल में तीनों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य है।

लगातार बारिश से कमजोर हो गया था मकान

स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें और संरचना कमजोर हो गई थी। इसी वजह से अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय घर में मौजूद दो बच्चे सुरक्षित बच गए, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घटना कुछ देर बाद होती तो नुकसान और अधिक हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही कपाली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने स्थानीय लोगों और परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की तथा हालात का जायजा लिया।

यह भी पढ़ें : क्या खनिज संशोधन विधेयक से बंद हो सकती है मईयां सम्मान योजना? हेमंत सोरेन ने दी चेतावनी

जर्जर मकानों के सर्वे की उठी मांग

लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र के जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसे मकानों में रहने वाले परिवारों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए और आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जाए। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो बारिश के मौसम में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति हो सकती है। प्रशासन से प्रभावित परिवारों को सहायता देने और जोखिम वाले मकानों की जांच कराने की मांग तेज हो गई है।

Share this news

संबंधित खबरें