Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चालकों की मौत हो गई। रोला-खैरबनी मोड़ के पास हाइवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे दोनों चालक आग की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन कुछ ही क्षणों में आग के गोले में तब्दील हो गए। एक चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरे चालक को गंभीर हालत में बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की चपेट में आए चार भारी वाहन
दुर्घटना के बाद पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलरों के चालक अचानक वाहन नियंत्रित नहीं कर सके। दोनों वाहन आपस में टकराने के बाद सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस हादसे में दोनों चालक घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। इस तरह कुछ ही मिनटों के भीतर चार भारी वाहन दुर्घटना की चपेट में आ गए।

दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में करीब दो घंटे लग गए। तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। सुबह तक जले हुए ट्रेलर के पहियों से धुआं निकलता रहा। पुलिस ने दोनों मृत चालकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: झारखंड में इको टूरिज्म और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी पर सरकार का फोकस, CM हेमंत सोरेन ने दिए अहम निर्देश
एनएच-220 को फोरलेन बनाने की मांग तेज
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एक बार फिर एनएच-220 के चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण की मांग उठाई है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहनों की आवाजाही होती है, लेकिन सड़क संकरी होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि समय रहते सड़क का विस्तार किया जाता, तो ऐसे कई बड़े हादसों को टाला जा सकता था। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से सड़क सुरक्षा के स्थायी उपाय करने, एनएच-220 को जल्द फोरलेन बनाने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

