मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

फेसबुक पर हुई दोस्ती पड़ी महंगी, महंगे गिफ्ट का लालच देकर महिला से 5 लाख रुपये की साइबर ठगी

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना एक महिला को भारी पड़ गया। रांची के नामकुम क्षेत्र की रहने वाली एक महिला से साइबर ठगों ने महंगे गिफ्ट और पार्सल का झांसा देकर 5 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। मामले का खुलासा होने के बाद पीड़िता ने रांची साइबर अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अब बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच में जुट गई है। पीड़िता उमा कुमारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को फेसबुक पर “Dr Sam Cheris” नाम के एक व्यक्ति ने उन्हें फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में संपर्क व्हाट्सएप तक पहुंच गया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने खुद को अविवाहित बताया और लगातार बातचीत कर उनका विश्वास जीत लिया। कुछ समय बाद उसने भारत आने और एक महंगा गिफ्ट पार्सल भेजने की बात कही।

पार्सल छुड़ाने के नाम पर शुरू हुई पैसों की मांग

कुछ दिनों बाद महिला को बताया गया कि उनका पार्सल मुंबई एयरपोर्ट पहुंच चुका है। इसके बाद कथित तौर पर अलग-अलग लोगों ने उनसे संपर्क कर पार्सल रिलीज कराने के लिए विभिन्न शुल्क जमा करने को कहा। आरोपियों ने कस्टम ड्यूटी, शिपिंग चार्ज, एयरपोर्ट क्लीयरेंस, सिक्योरिटी डिपॉजिट और दस्तावेज सत्यापन शुल्क जैसे कई बहाने बनाकर लगातार पैसे मांगे। महिला को यह भी कहा गया कि भुगतान नहीं करने पर कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

5 लाख रुपये से अधिक की ठगी

पार्सल मिलने की उम्मीद में महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में 5 लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कर दी। हालांकि इसके बाद भी आरोपियों की ओर से नए-नए शुल्क के नाम पर पैसे मांगे जाते रहे। लगातार बढ़ती मांगों के बाद महिला को शक हुआ और उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से मदद मांगी।

यह भी पढ़ें: फर्जी लिंक और मोबाइल हैकिंग से साइबर ठगी का खुलासा, MBA पास युवक समेत दो आरोपी गिरफ्तार

जांच में जुटी साइबर पुलिस

मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद रांची साइबर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्ध बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, सोशल मीडिया प्रोफाइल और डिजिटल लेनदेन की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराधी अब सोशल मीडिया के जरिए लोगों से दोस्ती कर भरोसा जीतते हैं और फिर गिफ्ट, पार्सल, निवेश या नौकरी के नाम पर ठगी को अंजाम देते हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने में सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही विदेश से गिफ्ट, पार्सल या लॉटरी मिलने के नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों से सतर्क रहने को कहा है। पुलिस का कहना है कि किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि या ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम साइबर थाना से संपर्क करना चाहिए।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

Leave a Comment