Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची रेलवे स्टेशन से चार वर्षीय मासूम के लापता होने का मामला सामने आया है। मां की आंखों के सामने एस्केलेटर के पास से बच्चा अचानक गायब हो गया। पुलिस ने स्टेशन परिसर के 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें एक संदिग्ध युवक बच्चे को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है।
एस्केलेटर के पास से अचानक गायब हुआ विवान
लापता बच्चे की पहचान विवान कुमार (4 वर्ष) के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित महामाया पारा का रहने वाला है। उसकी मां दिलमेत राजवाड़े (40) ने चुटिया थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना गुरुवार सुबह करीब 8:15 से 8:30 बजे के बीच की बताई जा रही है।
अंबिकापुर जाने की जानकारी ले रही थी मां
महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति की मारपीट और शराब की लत से परेशान होकर 19 सितंबर को अपनी छह वर्षीय बेटी प्रिंसी और चार वर्षीय बेटे विवान के साथ घर से निकली थी। वह पहले सेलम गई और फिर 24 सितंबर को ट्रेन से रांची पहुंची। रांची रेलवे स्टेशन पर उसने दोनों बच्चों और सामान को एस्केलेटर के पास बैठाया और बाहर ऑटो चालकों से अंबिकापुर जाने वाली बस के बारे में पूछताछ करने लगी। लौटने पर विवान वहां नहीं मिला।
CCTV में संदिग्ध युवक के साथ दिखा बच्चा
पुलिस जांच के दौरान एक CCTV फुटेज में हाफ पैंट और टी-शर्ट पहना एक युवक विवान को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया। फुटेज में उसके आसपास चार से पांच अन्य युवक भी नजर आए हैं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी गिरोह या अन्य संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बच्चे की तलाश के लिए SIT गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। टीम का नेतृत्व सिटी डीएसपी केवी रमन कर रहे हैं। एसआईटी में तीन इंस्पेक्टर, कई दारोगा और स्पेशल टेक्निकल टीम के सदस्य शामिल किए गए हैं। पुलिस स्टेशन परिसर, आसपास के इलाकों और संभावित रूट की CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान में जुटी है। पुलिस के अनुसार, लापता विवान की पहचान इस प्रकार है उम्र 4 वर्ष, लंबाई लगभग 3 फीट, रंग सांवला, बाल छोटे काले, सिर के बीच पुराने घाव के कारण कुछ हिस्सा बिना बाल का, कपड़े आसमानी रंग की चेकदार हाफ शर्ट और सफेद चेकदार हाफ पैंट। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चे के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।




















