रांची में पेट्रोल-डीजल के लिए मची अफरा-तफरी, पंपों पर लंबी कतारें, कई जगह सीमित हुई बिक्री

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची में गुरुवार को पेट्रोल और डीजल को लेकर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं। कई पंपों पर तेल खत्म होने तक भीड़ बनी रही, जबकि कुछ जगह स्टॉक कम होने की वजह से बिक्री रोक दी गई। स्थिति ऐसी रही कि कई पंप संचालकों ने एक वाहन को सीमित मात्रा में ही तेल देना शुरू कर दिया। कुछ पंपों पर 2000 रुपये से ज्यादा पेट्रोल और 3000 रुपये से ज्यादा डीजल देने से इनकार कर दिया गया।

यह भी पढ़ें :रांची में मॉनिटर लिजार्ड अंग तस्करी का खुलासा, भाजपा नेता समेत तीन गिरफ्तार

राजेंद्र चौक से बिरसा चौक तक लंबी लाइनें

राजेंद्र चौक, सिरमटोली, जेल मोड़, बिरसा चौक और करमटोली समेत शहर के कई व्यस्त इलाकों में पेट्रोल पंपों के बाहर भारी भीड़ देखने को मिली। आम दिनों में खाली रहने वाले पंपों पर भी गुरुवार को वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। राजेंद्र चौक स्थित तिवारी पेट्रोल पंप पर दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही। दोपहर करीब तीन बजे तेल खत्म होने के बाद पंप बंद कर दिया गया। इसके बाद वाहन चालक दूसरे पंपों की ओर जाते नजर आए।

सिरमटोली में 200 रुपये की लिमिट

सिरमटोली इलाके के एक पेट्रोल पंप पर वाहन चालकों को 200 रुपये से ज्यादा का पेट्रोल नहीं दिया जा रहा था। संचालकों का कहना था कि सीमित स्टॉक होने के कारण यह फैसला लिया गया है ताकि ज्यादा लोगों को तेल मिल सके। जेल मोड़ से करमटोली के बीच एक एचपी पंप सुबह से बंद रहा, जबकि पास के इंडियन ऑयल पंप पर दोपहर में तेल पहुंचने के बाद लंबी लाइन लग गई। कुछ पेट्रोल पंप संचालकों ने साफ कहा कि एक वाहन को 2000 रुपये से ज्यादा पेट्रोल और 3000 रुपये से ज्यादा डीजल नहीं दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर लोगों को दोबारा लाइन में लगने को कहा गया। इस दौरान कई जगह एम्बुलेंस तक गैलन में पेट्रोल भरवाती नजर आईं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई।

शाम तक नहीं कम हुई भीड़

बिरसा चौक स्थित इंदिरा प्रस्थ पेट्रोल पंप पर शाम तक भारी भीड़ बनी रही। वहीं नागेश्वर पेट्रोल पंप पर शाम होते-होते तेल खत्म हो गया और पंप बंद करना पड़ा। कोकर स्थित डायमंड पेट्रोल पंप पर तेल उपलब्ध था, लेकिन वहां भी फुल टैंक कराने वालों की लंबी लाइन लगी रही। लोगों में डर बना हुआ था कि कहीं आगे तेल की कमी या कीमतों में बढ़ोतरी न हो जाए।

रातू और सिल्ली में ज्यादा परेशानी

रातू इलाके के पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई पहले जैसी नहीं हो रही है। बड़े पंपों में स्थिति सामान्य है, लेकिन छोटे और नए पंपों को ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ रही है। वहीं सिल्ली क्षेत्र में हालात और गंभीर बताए जा रहे हैं। इलाके के चार पेट्रोल पंपों में से तीन पर पेट्रोल-डीजल उपलब्ध नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से यही स्थिति बनी हुई है।

चुटू में पांच लीटर की लिमिट

रांची से करीब 15 किलोमीटर दूर चुटू इलाके के पेट्रोल पंपों पर भी मात्रा सीमित कर दी गई है। यहां एक व्यक्ति को पांच लीटर से ज्यादा पेट्रोल या डीजल नहीं दिया जा रहा। साथ ही बोतल और गैलन में तेल देने पर भी रोक लगा दी गई है।

अफवाहों से बढ़ी फुल टैंक कराने की होड़

तेल की कमी और कीमत बढ़ने की अफवाहों के कारण लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं। कई लोग अपने वाहनों का फुल टैंक करवा रहे हैं, जिससे मांग अचानक बढ़ गई है। हालांकि पंप संचालकों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की कोई बड़ी कमी नहीं है, लेकिन अचानक मांग बढ़ने से सप्लाई व्यवस्था प्रभावित हुई है।

प्रशासन की नजर स्थिति पर

पेट्रोल पंपों पर लगातार बढ़ती भीड़ और सीमित बिक्री को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लोगों ने जल्द सामान्य सप्लाई बहाल करने की मांग की है ताकि रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित न हो।

Share this news

संबंधित खबरें