Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची में वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। वन विभाग और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) की संयुक्त टीम ने मॉनिटर लिजार्ड (गोह) के अंगों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा नेता राजीव रंजन मिश्रा समेत तीन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव रंजन मिश्रा (64), अविनाश आनंद (32) और अरुण राम के रूप में हुई है। सभी आरोपी रांची के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें :आयुष वेलनेस सेंटर संचालक से 20 लाख की रंगदारी की मांग, PLFI के नाम पर मिली जान से मारने की धमकी
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
वन विभाग को 14 मई की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि मेन रोड स्थित नटराज होटल में कुछ संदिग्ध लोग वन्यजीव अंगों की अवैध तस्करी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही विभाग और WCCB की संयुक्त टीम ने जांच शुरू कर दी। दोपहर करीब 12:30 बजे टीम ने होटल में दबिश देकर कमरे नंबर 203 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद तीन संदिग्धों के पास से एक काले प्लास्टिक बैग में करीब 30 मॉनिटर लिजार्ड के अंग बरामद किए गए।
होटल बुकिंग से जुड़े नए खुलासे
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मामले में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया। हालांकि होटल प्रबंधन ने बताया कि कमरे नंबर 203 और 206 की बुकिंग पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर निवासी विष्णु कुमार गुप्ता के नाम से की गई थी। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई हैं।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज
वन विभाग ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर डोरंडा स्थित वन प्रमंडल पदाधिकारी कार्यालय पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (संशोधित 2022) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वन विभाग ने साफ कहा है कि वन्यजीवों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post