Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची नगर निकाय चुनाव 2026 के दौरान राजधानी के हिंदपीढ़ी इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील माने जाने वाले इस क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राकेश रंजन ने कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय समेत अन्य अधिकारियों के साथ कई मतदान केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने बूथों पर तैनात पुलिस बल और दंडाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें :निकाय चुनाव 2026 : हजारीबाग में दोपहर 1 बजे तक 30.02% मतदान

अफवाहों पर सख्ती, हर गतिविधि पर नजर
निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी तरह की गड़बड़ी, अफवाह या अव्यवस्था को तुरंत रोका जाए।संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे निर्भीक होकर मतदान कर सकें।

शांतिपूर्ण मतदान प्रशासन की प्राथमिकता
हिंदपीढ़ी क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए पुलिस की गश्ती टीम लगातार इलाके में सक्रिय है। बूथों के बाहर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। लोग लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।















