- रांची के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के खखरा गांव का मामला, पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची जिले के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र स्थित खखरा गांव में जमीन विवाद को लेकर नया विवाद सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सिविल कोर्ट से उनके पक्ष में फैसला आने के बावजूद कुछ लोग संबंधित भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल कर क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर पीड़ितों ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
वर्ष 2011 में खरीदी गई थी जमीन, 10 वर्षों तक चला मुकदमा
मनीरुद्दीन अंसारी और जहाँगीर अंसारी ने बताया कि मौजा खखरा स्थित खाता संख्या 80, प्लॉट संख्या 292 की लगभग 10 डिसमिल भूमि उन्होंने वर्ष 2011 में खरीदी थी। उनके अनुसार भूमि का विधिवत दाखिल-खारिज कराया गया और नियमित रूप से राजस्व का भुगतान भी किया जाता रहा है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, वर्ष 2014 में इस जमीन को लेकर सिविल कोर्ट में टाइटल सूट दायर किया गया था। लगभग दस वर्षों तक चली सुनवाई के बाद जुलाई 2024 में अदालत ने फैसला सुनाया, जिसमें वादी पक्ष का दावा खारिज हो गया। पीड़ितों का कहना है कि न्यायालय के निर्णय के बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ है।

जबरन कब्जे और धमकी देने का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोग लगातार जमीन पर पहुंचकर विवाद उत्पन्न कर रहे हैं और उन्हें भूमि छोड़ने के लिए दबाव बना रहे हैं। उनका दावा है कि कई बार गाली-गलौज और धमकी जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि जनवरी 2026 में कुछ लोगों ने उनकी भूमि पर धार्मिक झंडा लगाकर कब्जे का माहौल बनाने की कोशिश की। उन्होंने इस संबंध में स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायत भी दी थी। हालांकि, पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई, इस पर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: झारखंड शराब घोटाला: सुप्रीम कोर्ट से अरुण पति त्रिपाठी को अग्रिम जमानत, जांच में सहयोग की शर्त
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से बढ़ा विवाद
पीड़ित पक्ष का कहना है कि हाल के दिनों में जमीन विवाद से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए गए, जिनमें उनके खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।मामले को लेकर पीड़ितों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराने, भूमि विवाद का स्थायी समाधान निकालने तथा उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल मामले में दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया और प्रशासनिक जांच की रिपोर्ट का इंतजार है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

