रांची में डॉक्टर पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप, इलाज के दौरान अश्लील हरकत करने का मामला दर्ज

Meenu | May 25, 2026 | 12:25 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। 21 वर्षीय युवती ने एक डॉक्टर पर इलाज के दौरान अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना टाटीसिलवे बैंक मोड़ स्थित एक क्लिनिक की है। अनगड़ा क्षेत्र की रहने वाली युवती दांत के इलाज के लिए क्लिनिक पहुंची थी। पीड़िता का आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टर ने मर्यादा की सीमाएं पार करते हुए उसके साथ गलत व्यवहार किया। युवती के अनुसार डॉक्टर ने इलाज के दौरान आपत्तिजनक सवाल पूछे और अश्लील हरकत की।

यह भी पढ़ें :झारखंड में बढ़ीं सर्पदंश की घटनाएं, स्वास्थ्य विभाग ने जिलों को जारी किया अलर्ट

विरोध करने पर युवती ने मचाया शोर

पीड़िता ने बताया कि उसने डॉक्टर की हरकतों का विरोध किया, लेकिन जब स्थिति बिगड़ने लगी तो वह घबरा गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। शोर सुनकर डॉक्टर ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद युवती किसी तरह क्लिनिक से बाहर निकली और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

शनिवार को युवती अपने परिवार के साथ टाटीसिलवे थाना पहुंची और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। टाटीसिलवे थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें