Samachar Post रिपोर्टर, रांची : टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र के चुनरी फॉल में मंगलवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान अनगड़ा थाना क्षेत्र के तुरूप निवासी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
साथी युवक के साथ चुनरी फॉल घूमने गई थी युवती
जानकारी के अनुसार, प्रियंका कुमारी खेलगांव स्थित ओरिएंट क्राफ्ट में काम करती थी। मंगलवार को वह रामगढ़ निवासी रफीक अंसारी के साथ चुनरी फॉल घूमने गई थी। रफीक पेंट और पुट्टी का काम करता है। दोनों फॉल के पास मौजूद थे। इसी दौरान शाम के समय प्रियंका की तबीयत बिगड़ने या किसी हादसे की बात सामने आई। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
प्रियंका की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और उसके साथ मौजूद युवक रफीक अंसारी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।





















