रामगढ़ में पुलिस का ‘प्रहरी’ अभियान शुरू, अब अड्डेबाजों और नशे के कारोबारियों पर सख्त नजर

Rupa Kumari | May 14, 2026 | 02:49 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : रामगढ़ में अपराध नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। गुरुवार को एसपी मुकेश लुनायत ने ‘प्रहरी’ अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का मकसद सिर्फ अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना भी है। पुलिस के मुताबिक अब जिले में गश्त बढ़ाई जाएगी, संवेदनशील इलाकों में पैदल पेट्रोलिंग होगी और अड्डेबाजी, नशे के कारोबार व ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।

तीन हिस्सों में चलेगा अभियान

‘प्रहरी’ अभियान को तीन हिस्सों में लागू किया गया है पैदल गश्ती, अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान, एंटी क्राइम चेकिंग ड्राइव पुलिस ने जिलेभर में ऐसे इलाकों की पहचान की है, जहां अक्सर छेड़छाड़, ट्रैफिक जाम, अवैध पार्किंग और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं।

यह भी पढ़ें: मंईयां सम्मान योजना : महिलाओं को एक साथ मिल सकती है दो महीने की किस्त, सरकार ने जारी किया फंड

हफ्ते में दो दिन होगी पैदल गश्ती

अभियान के तहत सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में पुलिसकर्मी हफ्ते में कम से कम दो दिन पैदल गश्त करेंगे। इसके लिए 76 संवेदनशील रूट चिन्हित किए गए हैं। इनमें बाजार, स्कूल-कॉलेज के आसपास के इलाके और भीड़भाड़ वाले स्थान शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पैदल गश्ती से लोगों के बीच पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और छोटी घटनाओं पर तुरंत नियंत्रण करने में मदद मिलेगी।

नशे और अड्डेबाजी पर फोकस

रामगढ़ पुलिस ने जिले में 114 ऐसे स्थान चिह्नित किए हैं, जहां अड्डेबाजी, नशा सेवन या अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं। इन इलाकों को पांच क्लस्टर में बांटकर अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी दी गई है। इन टीमों में थाना पुलिस, पीसीआर, गश्ती दल और पैंथर मोबाइल शामिल रहेंगे। पुलिस ने साफ किया है कि लगातार अड्डेबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

दिन में तीन बार चलेगी चेकिंग

जिले में 69 जगहों पर एंटी क्राइम चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। यहां बाइकर्स, रैश ड्राइविंग, संदिग्ध गतिविधियों और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर नजर रखी जाएगी। एसपी कार्यालय के निर्देश के मुताबिक दिन में कम से कम तीन बार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पुलिस ने लोगों से भी सहयोग की अपील की है। किसी भी इलाके में अड्डेबाजी, नशे के कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना सीधे पुलिस के व्हाट्सएप नंबर 9262998529 पर दी जा सकती है।

Share this news

संबंधित खबरें