जेल से छूटते ही अपराधियों पर होगी निगरानी, आईजी भास्कर ने रामगढ़ में दिए सख्त निर्देश

Rupa Kumari | February 17, 2026 | 05:14 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : जिले में लगातार सामने आ रही फायरिंग, आगजनी और रंगदारी की घटनाओं को लेकर पुलिस ने अब पूरी तरह सख्त रुख अपना लिया है। मंगलवार को बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी सुनील भास्कर ने रामगढ़ एसपी कार्यालय में जिले के तमाम वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में साफ शब्दों में कहा गया कि अब अपराधियों को किसी भी कीमत पर राहत नहीं दी जाएगी।

विदेश से गिरोह चलाने वालों पर भी शिकंजा

बैठक में बताया गया कि पुलिस को ऐसे इनपुट मिले हैं, जिनमें कुछ गिरोह सरगना विदेश में बैठकर जिले में आपराधिक नेटवर्क चला रहे हैं। आईजी ने ऐसे अपराधियों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस और लुक आउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया। संदेश साफ था अब अपराधी चाहे देश में हों या विदेश में, पुलिस उन्हें छोड़ेगी नहीं।

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में बोरिंग के दौरान हादसा, ट्राइपॉड गिरने से मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर

जेल से बाहर आते ही शुरू होगी कड़ी निगरानी

आईजी भास्कर ने निर्देश दिया कि जो भी अपराधी जेल से छूटेगा या जमानत पर बाहर आएगा, उसकी रोजाना मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए ई-प्रिजन सिस्टम से प्रतिदिन सूची निकालकर थाना स्तर पर सत्यापन अनिवार्य होगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया।

गिरोह के हर सदस्य का बनेगा डोजियर

संगठित अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस हर गिरोह और उसके सदस्यों का अलग-अलग डोजियर तैयार करेगी। जरूरत पड़ने पर सीसीए जैसी निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। मासिक अपराध समीक्षा बैठक में हर थाना प्रभारी को यह रिपोर्ट देनी होगी कि उसके क्षेत्र में गिरोहों के खिलाफ क्या ठोस कदम उठाए गए।

पुराने दागियों का घर-घर सत्यापन

रामगढ़ जिले में विशेष अभियान चलाकर पुराने अपराधियों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। वे कहां रह रहे हैं, क्या कर रहे हैं और किनके संपर्क में हैं हर जानकारी अपडेट की जाएगी। यदि कोई अपराधी दूसरे जिले से जुड़ा मिला तो संबंधित जिले के एसपी से समन्वय कर संयुक्त कार्रवाई की जाएगी।

कारोबारियों के लिए सीधी सुरक्षा व्यवस्था

रंगदारी और धमकी भरे कॉल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आईजी ने निर्देश दिया कि हर जिले में डीएसपी स्तर के अधिकारी को नोडल बनाया जाए। ये अधिकारी ठेकेदारों और बड़े व्यवसायियों से नियमित संपर्क में रहेंगे। किसी भी तरह की धमकी मिलने पर तत्काल जांच और कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एंट्री-एग्जिट पॉइंट और अड्डेबाजी पर सख्ती

जिले के प्रमुख एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर ट्राइगोनल स्लाइडिंग बैरियर लगाकर सघन वाहन जांच होगी। सभी एंट्री को रक्षक ऐप में दर्ज करना अनिवार्य रहेगा। साथ ही जुआ, शराबखोरी और अड्डेबाजी वाले ठिकानों पर विशेष छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में आईजी ने दो टूक कहा कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। आने वाले दिनों में रामगढ़ जिले में पुलिस की सख्ती साफ तौर पर देखने को मिलेगी।

Share this news

संबंधित खबरें