रामगढ़ घाटी में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर पलटा; कई वाहन क्षतिग्रस्त, लंबा जाम

Meenu | July 1, 2026 | 11:52 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :रामगढ़ घाटी में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। घाटी के घुमावदार रास्ते पर लोहे के भारी पहिए लेकर जा रहा एक ट्रेलर अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे की चपेट में कई वाहन आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर के पलटते ही सड़क पर चल रहे कई वाहन आपस में टकरा गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कुछ कारें ट्रेलर के नीचे दब गईं। एक काले और एक सफेद रंग की कार पूरी तरह पिचक गई, जबकि पास में खड़ा लाल रंग का कंटेनर ट्रक भी हादसे की चपेट में आ गया। हादसे में एक यात्री बस भी क्षतिग्रस्त हो गई। बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की गई। कई लोग हादसे के बाद सड़क किनारे डरे-सहमे बैठे दिखाई दिए। सड़क पर बिखरे वाहन के पुर्जे और क्षतिग्रस्त गाड़ियों की हालत हादसे की भयावहता को दिखा रही थी।

यह भी पढ़ें :झारखंड के 16 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

हादसे के बाद घाटी मार्ग पर लंबा जाम

दुर्घटना के कारण रामगढ़ घाटी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वन-वे ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर भारी जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करने में जुटा हुआ है।

संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेलर घाटी के घुमावदार रास्ते पर संतुलन खो बैठा, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ। फिलहाल दुर्घटना में घायल और मृतकों की आधिकारिक संख्या का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें