Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार 1 जुलाई को रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा समेत करीब 16 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, गिरिडीह, पाकुड़ और साहिबगंज में मेघगर्जन के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अचानक मौसम बदलने और तेज बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें :हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद प्रशासन सख्त, जमशेदपुर के 6 थाना क्षेत्रों में धारा 163 लागू
आज ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 1 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। रांची समेत अधिकांश जिलों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भारी बारिश की संभावना है। 2 जुलाई को रांची, खूंटी, देवघर, दुमका, गोड्डा, बोकारो, धनबाद, लोहरदगा, गुमला, रामगढ़, सिमडेगा तथा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में तेज बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा 3 और 4 जुलाई को भी राज्य में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने 3 से 5 जुलाई के बीच कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताई है। वहीं 6 जुलाई से राज्य में फिर भारी बारिश का नया दौर शुरू होने के संकेत मिले हैं।
पूरे झारखंड में पहुंचा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मंगलवार को पूरे झारखंड को कवर कर लिया। इसके बाद राज्य के कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 67.4 मिमी बारिश मेदिनीनगर में रिकॉर्ड की गई। वहीं रांची में 20 मिमी और चाईबासा में 14 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा रांची, जमशेदपुर, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण राजधानी रांची के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस घटकर 28.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।

कई जिलों में वज्रपात का खतरा
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 1 जून से 30 जून तक झारखंड में सामान्य से 54 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं रांची में सामान्य 197.6 मिमी के मुकाबले अब तक 146.9 मिमी बारिश हुई है। सबसे खराब स्थिति दुमका जिले की बताई गई है, जहां अब तक बारिश दर्ज नहीं हुई है। मौसम विभाग ने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, देवघर, दुमका और पाकुड़ जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। राज्य में न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 से 38 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। तेज बारिश और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

Reporter | Samachar Post

