मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का अंतिम नोटिस, 29 जून तक मिला समय

--Advertisment--

Samachar Post डेस्क, पटना : बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने के लिए भवन निर्माण विभाग ने अंतिम नोटिस जारी किया है। विभाग की ओर से 22 जून को जारी नोटिस के अनुसार उन्हें 29 जून तक सरकारी बंगला खाली करना होगा। तय समय सीमा के भीतर आवास खाली नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। बताया गया है कि 10 सर्कुलर रोड का यह आवास अब बिहार सरकार में मंत्री  नंद किशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। वहीं राबड़ी देवी के लिए 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास निर्धारित किया गया है।

पहले भी दिया जा चुका है नोटिस

भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को पहली बार 15 दिसंबर 2025 को आवास खाली करने का नोटिस भेजा था। इसके बावजूद अब तक बंगला खाली नहीं किया गया है। विभाग ने अपने ताजा नोटिस में बिहार सरकारी परिसर (आवंटन, किराया, वसूली एवं बेदखली) संशोधन अधिनियम-2024 का हवाला देते हुए सात दिनों के भीतर आवास खाली करने का निर्देश दिया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि के बाद नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य कारणों का दिया था हवाला

इससे पहले विभाग द्वारा दिए गए 15 दिनों के अल्टीमेटम की अवधि समाप्त होने के बाद राबड़ी देवी ने बिहार सरकार को पत्र लिखकर अतिरिक्त समय की मांग की थी। उन्होंने पत्र में कहा था कि उनके पति और राजद प्रमुख लालू यादव की खराब सेहत को देखते हुए उन्हें आवास में अलग कमरा उपलब्ध कराया गया है। राबड़ी देवी ने यह भी कहा था कि 39 हार्डिंग रोड स्थित आवास पूरी तरह तैयार होते ही वह वहां शिफ्ट हो जाएंगी।

यह भी पढ़ें: बिहार में मौसम का डबल अलर्ट: सीमांचल में भारी बारिश की चेतावनी, 14 जिलों में हीट वेव का खतरा

राजनीतिक हलकों में बढ़ी हलचल

हाल के दिनों में 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास से सामान हटाने की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए थे। बताया गया था कि कुछ सामान उनके छोटे बेटे और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास पर भेजा गया है। सरकारी आवास खाली कराने के मुद्दे को लेकर बिहार की राजनीति में लगातार बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब सबकी नजरें 29 जून की समयसीमा पर टिकी हैं। देखना होगा कि तय अवधि समाप्त होने के बाद सरकार इस मामले में क्या कदम उठाती है।

https://samacharpost.live/2026/06/bihar-weather-alert-heavy-rain-seemanchal-heatwave-southern-districts-june-2026/
Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

Leave a Comment