Samachar Post रिपोर्टर, रांची : कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से हुई जनहानि पर झारखंड के नेताओं ने गहरा दुख जताया है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ और सांसद मनीष जायसवाल ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। नेताओं ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
बाबूलाल मरांडी ने जताया शोक
झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई। साथ ही दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मरांडी ने कहा कि इस दुखद घटना में श्रद्धालुओं की मौत बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से शोकाकुल परिवारों को इस कठिन घड़ी में संबल देने की प्रार्थना की।

उत्सव के बीच जान गंवाना पीड़ादायक- संजय सेठ
केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के उत्सव के बीच कई लोगों की जान जाना बेहद पीड़ादायक और स्तब्ध करने वाला है। इस घटना ने सभी को गहरे दुख में डाल दिया है। संजय सेठ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मां दुर्गा से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने और पीड़ित परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति मिलने की कामना की। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
मनीष जायसवाल ने भी जताई संवेदना
सांसद मनीष जायसवाल ने भी कोलकाता हादसे को हृदयविदारक बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रभु राम से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने और हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुई इस घटना के बाद झारखंड के नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।















