Samachar Post रिपोर्टर, पटना : बिहार में मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है, लेकिन मौसम का मिजाज फिलहाल दोहरा बना हुआ है। एक ओर सीमांचल के जिलों में भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी जारी की गई है, वहीं दक्षिणी बिहार के कई जिले भीषण गर्मी और हीट वेव की चपेट में रह सकते हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को पूरे राज्य के लिए अलर्ट जारी करते हुए कुछ जिलों में येलो और कुछ में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। विभाग के अनुसार सीमांचल क्षेत्र के छह जिलों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें: टाटा लीज नवीकरण से पहले विवादित जमीनों का होगा डिजिटल सर्वे, कोल्हान आयुक्त की बैठक में बड़ा फैसला
दक्षिणी बिहार में हीट वेव की चेतावनी
दूसरी ओर राज्य के दक्षिणी हिस्से के 14 जिलों में हीट वेव जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा, गया, औरंगाबाद, कैमूर और रोहतास जिलों के लिए हीट वेव अलर्ट जारी किया है। हालांकि कई जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विभाग ने लोगों से गर्मी और खराब मौसम दोनों को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

