चाईबासा में पुलिस का जागरूकता अभियान, डायन-बिसाही, मानव तस्करी और नशा के खिलाफ ग्रामीणों को किया जागरूक

Rupa Kumari | July 20, 2026 | 12:28 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत भालुपानी पंचायत के रांगरिंग गांव में पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों, अपराधों और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। अभियान का नेतृत्व कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन ने किया। अभियान के दौरान थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाएं समाज के लिए अभिशाप हैं। किसी भी व्यक्ति को डायन बताकर प्रताड़ित करना, हिंसा करना या सामाजिक रूप से बहिष्कृत करना कानूनन गंभीर अपराध है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और ऐसी घटनाओं की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

मानव तस्करी से सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने मानव तस्करी के बढ़ते मामलों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। थाना प्रभारी ने कहा कि कई गिरोह बच्चों, किशोरियों और युवाओं को नौकरी, शिक्षा या बेहतर भविष्य का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

नशा युवाओं का भविष्य कर रहा बर्बाद

नशा उन्मूलन पर बोलते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे की लत न केवल युवाओं का भविष्य खराब करती है, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और शिक्षा, खेलकूद तथा सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति या अपराध की सूचना तुरंत संबंधित हेल्पलाइन के माध्यम से दी जा सकती है।

यह भी पढ़ें : पलामू में सगाई समारोह में विवाद, मारपीट में दूल्हे की दो बहनें घायल

सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सहयोग का संकल्प

ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए सामाजिक कुरीतियों, मानव तस्करी और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा पुलिस का सहयोग करने का संकल्प लिया। पुलिस ने कहा कि समाज में शांति, सुरक्षा और जागरूकता बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।

Share this news

संबंधित खबरें