देश के कई राज्यों में बाढ़ का कहर, पीएम मोदी आज करेंगे दौरा

Rupa Kumari | September 6, 2025 | 12:11 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : देश के कई राज्य इन दिनों भारी बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं। दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे।

पीएम मोदी का दौरा और केंद्र का सहयोग

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में जापान और चीन की यात्रा से लौटने के बाद पीएम मोदी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से फोन पर बात की थी। केंद्र सरकार ने राज्यों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है और राहत व बचाव कार्यों में लगातार सहयोग किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : मंत्री शिल्पी का केंद्र पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार का आरोप, यूरिया संकट के लिए ठहराया जिम्मेदार

पंजाब में सबसे ज्यादा नुकसान

पंजाब में बाढ़ से 43 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लोग अभी भी लापता हैं। अमृतसर, बरनाला, बठिंडा, होशियारपुर और पठानकोट समेत कई जिले प्रभावित हैं। करीब 1900 गांव पानी में डूब गए हैं। डेढ़ लाख हेक्टेयर फसल बर्बाद हो चुकी है।

सेना और NDRF की टीमें राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। वहीं दिल्ली के एम्स ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में डॉक्टरों और नर्सों की विशेष टीम भेजी है।

दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे से ऊपर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 2 मीटर ऊपर पहुंच गया है। पानी दिल्ली सचिवालय और राहत शिविरों तक पहुंच चुका है। नदी किनारे बसे इलाकों में हालात बिगड़ रहे हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है, लेकिन प्रभावित लोग सरकार से और मदद की मांग कर रहे हैं।

गृह मंत्री अमित शाह का जम्मू दौरा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 1 सितंबर को जम्मू का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। मंगू चक गांव में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। तवी पुल, शिव मंदिर और क्षतिग्रस्त घरों का जायजा लेने के बाद शाह ने एक उच्च स्तरीय बैठक में हालात की समीक्षा की।

हिमाचल और उत्तराखंड में भी भारी तबाही

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन से जान-माल का बड़ा नुकसान हुआ है। केंद्र और राज्य सरकारें राहत और बचाव कार्यों को तेज करने में जुटी हुई हैं।

Share this news

संबंधित खबरें