पटना में दर्दनाक हादसा : ट्रक से टकराई कार, 5 कारोबारियों की मौके पर मौत

Rupa Kumari | September 4, 2025 | 12:24 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : बिहार की राजधानी पटना में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें पांच कारोबारियों की मौत हो गई। यह हादसा परसा बाजार थाना क्षेत्र के महोली फ्लाईओवर के नीचे रात करीब 1 बजे हुआ। फतुहा से पटना लौट रही कार ने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार ट्रक के अंदर जा घुसी और पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

भीषण टक्कर में कार ट्रक के अंदर जा घुसी

पुलिस के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक चालक को हादसे का अंदाजा तक नहीं हुआ और वह कार को करीब 25 मीटर तक घसीटता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें : रांची में बिल्डरों को मिली जान से मारने की धमकी, पीएलएफआई ने मांगी 50-50 लाख की लेवी

पुलिस और ग्रामीणों की मदद से निकाले गए शव

घटना की सूचना मिलते ही परसा बाजार थाना पुलिस और पटना सदर डीएसपी रंजन कुमार मौके पर पहुंचे। गैस कटर की मदद से कार को काटा गया और शवों को बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने भी पुलिस की मदद की। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए पीएमसीएच भेजा गया।

मृतकों की पहचान हुई, सभी कारोबारी थे

हादसे में जिन पांच लोगों की मौत हुई, उनकी पहचान गोपालपुर निवासी 50 वर्षीय राजेश कुमार, 38 वर्षीय संजय कुमार, सिपारा निवासी 38 वर्षीय कमल किशोर, 35 वर्षीय प्रकाश चौरसिया और मुजफ्फरपुर निवासी 30 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है। सभी कारोबारी बताए जा रहे हैं, जो फतुहा से पटना लौट रहे थे।

तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही वजह

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की प्रमुख वजह माना है। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share this news

संबंधित खबरें