शराब छापेमारी करने पहुंची मद्यनिषेध टीम पर हमला, पथराव में ड्राइवर और सिपाही घायल

Rupa Kumari | May 29, 2026 | 02:14 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पटना: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची मद्यनिषेध विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया। अपराधियों द्वारा किए गए पथराव में विभाग के ड्राइवर और एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। यह घटना बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के करनौती पंचायत स्थित रानीसराय गांव की बताई जा रही है।

शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची थी टीम

मद्यनिषेध इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि गुरुवार देर शाम सूचना मिली थी कि गांव के पासवान टोला स्थित एक होटल में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना के आधार पर मद्यनिषेध विभाग की टीम दलबल के साथ होटल में छापेमारी करने पहुंची। जांच के दौरान वहां मौजूद कुछ लोग अधिकारियों से बहस करने लगे।

यह भी पढ़ें: चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना कर्मचारी संघ का विशाल धरना, हजारों कर्मचारियों ने उठाई आवाज

उग्र लोगों ने किया पथराव

अधिकारियों ने माहौल शांत कराने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते वहां मौजूद लोग उग्र हो गए और टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में विभाग के ड्राइवर कन्हैया कुमार और सिपाही उदित राज गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पथराव में मद्यनिषेध विभाग के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ एसडीपीओ-2 आशीष श्रीवास्तव और बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष देवानंद शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पथराव तथा हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। इस संबंध में बख्तियारपुर थाना में लिखित आवेदन भी दिया गया है।

Share this news

संबंधित खबरें