Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग कर एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। 29 दिसंबर 2025 को पटना जंक्शन पर बदमाश नकली पुलिस बनकर एक सोना कारोबारी से 22.50 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। हालांकि, इस मामले का खुलासा अब हुआ है। पीड़ित कारोबारी धीरज कुमार ने जीआरपी थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि उनके साले दीपक कुमार वैशाली से बाकरगंज स्थित राज टंच के मालिक संतोष देवकर को चांदी के गहने सौंपने गए थे। गहने देने के बाद दीपक 22.50 लाख रुपये से भरा बैग लेकर पटना जंक्शन लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें :रांची में अंग्रेजी कैलेंडर के विरोध में निकला मार्च, चैत्र प्रतिपदा को भारतीय नववर्ष मान्यता देने की मांग

कैसे हुई वारदात
प्लेटफॉर्म-1 पर पुलिस वर्दी में आए एक अपराधी ने बैग जांच का बहाना बनाया। वह दीपक को प्लेटफॉर्म-6, फिर प्लेटफॉर्म-7 पर खड़ी ट्रेन की खाली बोगी में ले गया, जहां एक और आरोपी मौजूद था। थाना भेजने और बंद करने की धमकी देकर बैग से रुपये निकाले और दोनों फरार हो गए। दीपक ने बताया कि वर्दी में होने के कारण उन्होंने आरोपी पर भरोसा किया, लेकिन खाली बोगी में ले जाते समय शक हुआ तब तक बदमाश पैसे लेकर भाग चुके थे।
जांच में सफलता, पुलिस अलर्ट
जीआरपी ने CCTV फुटेज की मदद से घटना में शामिल 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटी रकम में से 9.5 लाख रुपये बरामद भी कर लिए हैं। तीसरे आरोपी और शेष रकम की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर बाकी राशि भी रिकवर की जाएगी।




















