Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : जिला कोषागार कार्यालय में लंबे समय से प्रभावित वित्तीय कामकाज अब पटरी पर लौटने की उम्मीद है। जिला कोषागार पदाधिकारी को आखिरकार लॉगिन आईडी उपलब्ध करा दी गई है। इसके बाद विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित भुगतानों की प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। लॉगिन आईडी नहीं मिलने के कारण पिछले कई दिनों से ट्रेजरी का कामकाज प्रभावित था। विभिन्न विभागों के संवेदक भुगतान के लिए लगातार कोषागार कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। इसके अलावा सरकारी विभागों से जुड़े कई अन्य वित्तीय कार्य भी प्रभावित हो रहे थे।
खबर के बाद मिली लॉगिन आईडी
गौरतलब है कि 19 अगस्त को ट्रेजरी के कामकाज प्रभावित होने और भुगतान ठप रहने से संबंधित खबर प्रकाशित हुई थी। इसके बाद जिला कोषागार पदाधिकारी को लॉगिन आईडी उपलब्ध करा दी गई। लॉगिन आईडी मिलने के बाद अब लंबित बिलों और अन्य भुगतान संबंधी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जा सकेगा। इससे संवेदकों और सरकारी विभागों को राहत मिलने की उम्मीद है।

नए प्रभारी को नहीं मिली थी आईडी
बता दें कि सेल टैक्स ऑफिसर डॉ. मनोज कुमार को 7 जुलाई से जिला कोषागार पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। इससे पहले सोमरा भगत इस पद का प्रभार संभाल रहे थे, जिनका तबादला हो चुका है। नए प्रभारी पदाधिकारी को लॉगिन आईडी उपलब्ध नहीं होने के कारण भुगतान समेत कई जरूरी वित्तीय कार्य प्रभावित थे। अब आईडी मिलने के बाद ट्रेजरी के कामकाज में तेजी आने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : अमरावती के महिला अस्पताल में आग, तीन नवजात शिशुओं की मौत
संवेदकों को बड़ी राहत की उम्मीद
लंबित भुगतान शुरू होने से विभिन्न विभागों के संवेदकों और अन्य संबंधित लोगों को राहत मिलेगी। अब उन्हें भुगतान के लिए बार-बार जिला कोषागार कार्यालय का चक्कर लगाने से भी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासनिक स्तर पर लॉगिन आईडी उपलब्ध होने के बाद लंबित भुगतान की प्रक्रिया को जल्द गति देने की तैयारी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

