Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड के पलामू जिले से आत्महत्या का एक मामला सामने आया है। रामगढ़ थाना क्षेत्र के पिपराही नावाडीह गांव निवासी 25 वर्षीय नंदू यादव ने कथित तौर पर पत्नी से विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों के अनुसार नंदू यादव शराब पीने का आदी था। बताया गया कि शुक्रवार शाम वह अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए 100 रुपये मांग रहा था। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद के बाद नंदू गुस्से में कमरे के अंदर चला गया और दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली।
यह भी पढ़ें :पाकुड़ के क्रिकेटर प्रियांशु कुमार का अंडर-19 राज्य टीम कैंप के लिए चयन, उपायुक्त ने किया सम्मानित
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
कुछ देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारा। गंभीर हालत में उसे रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

Reporter | Samachar Post

