पलामू: जपला स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, बिहार ले जाई जा रही 40 बोतल देसी शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार

Meenu | July 25, 2026 | 03:49 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : झारखंड से बिहार अवैध रूप से ले जाई जा रही देसी शराब की खेप को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने जपला रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया। ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत की गई इस कार्रवाई में एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से झारखंड निर्मित 40 बोतल देसी शराब बरामद हुई, जिसे बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी।

यह भी पढ़ें : चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹1 करोड़ की अफीम और डोडा बरामद, बिहार भेजने की थी तैयारी

पैसेंजर ट्रेन की जांच के दौरान मिली सफलता

पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के निर्देश पर तथा RPF पोस्ट जपला के निरीक्षक प्रभारी संतोष कुमार झा के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे बरवाडीह–डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन जपला स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची। इसी दौरान उप-निरीक्षक रामनरेश राम, प्रधान आरक्षी सुरेश मुर्मू और आरक्षी मनोज सामान्य कोच की जांच कर रहे थे।

बोरे से बरामद हुई 40 बोतल देसी शराब

जांच के दौरान सामान्य कोच के शौचालय के पास एक व्यक्ति भारी बोरा लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। पूछताछ के दौरान उसने बोरा खोलने में आनाकानी की। संदेह होने पर RPF टीम उसे ट्रेन से नीचे लेकर आई और गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी में बोरे से ‘छबीली’ ब्रांड की झारखंड निर्मित 40 बोतल (करीब 8 लीटर) देसी शराब बरामद हुई। सभी बोतलों पर “केवल झारखंड में बिक्री हेतु” अंकित था। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब ₹1,800 बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ननकू राम (40 वर्ष), निवासी चंदर बीगहा, थाना बारुण, जिला औरंगाबाद (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह झारखंड से शराब खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचता था और इसी से अवैध कमाई करता था।

उत्पाद विभाग को सौंपा गया आरोपी

RPF ने जब्त शराब की सूची तैयार कर उसे अपने कब्जे में लिया और आरोपी को हिरासत में लेकर RPF पोस्ट जपला लाया। बाद में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गिरफ्तार तस्कर और जब्त शराब को उत्पाद विभाग, डाल्टनगंज के हवाले कर दिया गया।

Share this news

संबंधित खबरें