Samachar Post रिपोर्टर,चतरा : झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब ₹1 करोड़ मूल्य की अफीम और डोडा बरामद किया है। कुंदा थाना क्षेत्र के तेगम गांव में छापेमारी के दौरान 7.540 किलोग्राम अफीम और 293.900 किलोग्राम डोडा जब्त किया गया। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यह भी पढ़ें : रांची में ATS जवान के बंद घर में चोरी, 10 लाख रुपये से अधिक के जेवर और नकदी ले उड़े बदमाश
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि तेगम गांव में भारी मात्रा में अफीम और डोडा तस्करी के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक अशोक कुमार मंडल तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जलेश कुमार (पिता–फुलेश्वर महतो), निवासी तेगम गांव, थाना कुंदा को गिरफ्तार कर लिया।
पलामू के जंगलों में की थी अवैध अफीम की खेती
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने पलामू जिले के पांकी क्षेत्र के जंगलों में अवैध रूप से अफीम की खेती की थी। वहीं से तैयार अफीम और डोडा लाकर तेगम गांव में छिपाया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि बरामद खेप को बिहार में तस्करी कर बेचने की तैयारी थी। हालांकि, पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर पूरी खेप जब्त कर ली, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती, भंडारण और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके नेटवर्क, खरीद-बिक्री के संपर्कों और अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में मादक पदार्थों के खिलाफ चतरा पुलिस की यह सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचा है।

Reporter | Samachar Post

