Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : झारखंड के पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नावाडीह हुटार गांव में 75 वर्षीय श्याम लाल भुइयां की कथित तौर पर भरठुवा बंदूक की सफाई के दौरान गोली चलने से मौत हो गई। गोली उनके सीने में लगी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें : गिरिडीह में बारिश के बीच जर्जर कच्चा मकान ढहा, मलबे में दबकर बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल
घर में बंदूक की सफाई के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, श्याम लाल भुइयां अपने घर में बैठकर भरठुवा बंदूक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बंदूक से फायर हो गया और गोली सीधे उनके सीने में जा लगी। गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक के बेटे वीरेंद्र भुइयां ने बताया कि उनके पिता करीब 40 वर्षों से भरठुवा बंदूक अपने पास रखे हुए थे। उनके अनुसार, वह कभी-कभार जंगल में जंगली जानवरों के शिकार के लिए इसका उपयोग करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के समय बंदूक में पहले से बारूद भरा हुआ था, जिसके कारण सफाई के दौरान अचानक फायर हो गया।

अवैध हथियार के पहलू की भी जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बंदूक वैध थी या अवैध तथा उससे जुड़े अन्य कानूनी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Reporter | Samachar Post

