Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले में स्थित NTPC की पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में शनिवार देर रात अपराधियों ने कोयला परिवहन को निशाना बनाते हुए हाईवा वाहनों पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और एक बार फिर परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह भी पढ़ें : झारखंड के 10 जिलों में अगले 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
देर रात हाईवा वाहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग
जानकारी के अनुसार, बड़कागांव थाना क्षेत्र में तेरह माइल से करीब 200 मीटर आगे रात लगभग 11 बजे तीन अपराधी पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही दो हाईवा वाहन वहां पहुंचे, बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। चालकों और पुलिस के अनुसार, करीब सात राउंड फायरिंग की गई। इसके बाद हमलावरों ने लोहे की रॉड से दोनों वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल से मिला ‘प्रिंस खान K.S.S.’ का पर्चा
घटना के बाद पुलिस ने मौके से ‘प्रिंस खान K.S.S.’ लिखा एक पर्चा बरामद किया है। पर्चे को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद कोयला ढुलाई में लगे ट्रांसपोर्टरों और चालकों के बीच दहशत का माहौल है। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में 22 अप्रैल 2026 को भी अपराधियों ने दिनदहाड़े एक हाईवा वाहन में आग लगा दी थी। लगातार हो रही घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। घटना को गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए परियोजना प्रबंधन ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाने के साथ छापेमारी अभियान तेज कर दिया है।

ऑडियो वायरल, बड़े दावों की पुष्टि नहीं
घटना के बाद ‘प्रिंस खान’ के नाम से एक ऑडियो भी सामने आया है। ऑडियो में दावा किया गया है कि मौके पर 40 राउंड फायरिंग करवाई गई और पांच हाईवा वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। साथ ही आठ पर्चे छोड़े जाने का भी दावा किया गया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को जब्त कर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कोयला परिवहन पर भी इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.

Reporter | Samachar Post

