Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : जमशेदपुर और सरायकेला के चर्चित कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के दौरान शनिवार को नया घटनाक्रम सामने आया। मामले में पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में रखे गए अशोक सिंह राघव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान उसे खून की उल्टियां हुईं, जिसके बाद पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गई। अशोक सिंह सोनारी का रहने वाला बताया जा रहा है और पिछले करीब चार दिनों से चांडिल थाना में उससे पूछताछ की जा रही थी।
यह भी पढ़ें : चतरा में मवेशियों से लदा पिकअप वाहन पलटा, 15 पशुओं की मौत, चालक-उपचालक फरार
पूछताछ के दौरान बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह चांडिल थाने में पुलिस अधिकारी अशोक सिंह से पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई और उसे खून की उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ते ही पुलिसकर्मी उसे तत्काल जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसकी स्थिति गंभीर बताई और बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। एमजीएम अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद पुलिस टीम अशोक सिंह को बिष्टुपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) लेकर पहुंची। यहां उसे क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया है। फिलहाल चिकित्सकों की टीम उसकी स्थिति पर नजर रख रही है और आवश्यक जांच व इलाज किया जा रहा है। उसकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

पुलिस ने नहीं जारी किया आधिकारिक बयान
पुलिस हिरासत में संदेही की तबीयत अचानक बिगड़ने की घटना के बाद मामले को लेकर पुलिस प्रशासन में भी हलचल है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। इस बीच, TMH में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाए जाने की जानकारी है। अस्पताल परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पूछताछ की प्रक्रिया पर भी उठे सवाल
पुलिस हिरासत में चार दिनों से पूछताछ के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने और खून की उल्टियां होने की घटना ने जांच की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अशोक सिंह की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारण और उसकी चिकित्सकीय स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

Reporter | Samachar Post

