लोहरदगा में खूनी वारदात: बेटे ने पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की, 3 साल की बेटी गंभीर घायल

Meenu | May 25, 2026 | 10:18 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,लोहरदगा :झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र स्थित सेंगरा टोली गांव में सोमवार अहले सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि एक बेटे ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपने पिता, पत्नी और मासूम बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में पिता और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान सुरेंद्र उरांव (60) और सुजाता उरांव (27) के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल तीन वर्षीय रियांशी का इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

अचानक कुल्हाड़ी उठाकर परिवार पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, आरोपी संदीप उरांव (35) ने अचानक घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और सबसे पहले अपने पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने पत्नी और मासूम बेटी को भी निशाना बनाया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों के पहुंचने तक सुरेंद्र उरांव और सुजाता उरांव की मौत हो चुकी थी, जबकि मासूम बच्ची खून से लथपथ हालत में तड़प रही थी।

थाना प्रभारी ने बच्ची को गोद में उठाकर पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए उन्होंने उसे गोद में उठाकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है और आरोपी संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी का व्यवहार पिछले कुछ दिनों से सामान्य नहीं था और वह बदला-बदला नजर आ रहा था।

Share this news

संबंधित खबरें