कोडरमा रेलवे स्टेशन के पास रेलकर्मी का शव बरामद, रनिंग रूम इंचार्ज की मौत

Meenu | July 6, 2026 | 03:40 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :धनबाद-गया रेलखंड पर स्थित कोडरमा रेलवे स्टेशन के ईस्ट केबिन के समीप सोमवार दोपहर एक रेलकर्मी का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कोडरमा लोको रनिंग रूम के इंचार्ज बी. चंपईया के रूप में हुई है। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों और उनके सहकर्मियों में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, जीआरपी को सूचना मिली थी कि ईस्ट केबिन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर जीआरपी थाना लाया गया।

यह भी पढ़ें :भारी बारिश से रांची में जलजमाव, यातायात बाधित

पहचान पत्र से हुई मृतक की पहचान

सोमवार सुबह जब लोको रनिंग रूम के कर्मचारी ड्यूटी के लिए बी. चंपईया को तलाश रहे थे, तब उनका कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच शव मिलने की सूचना मिलने पर सहकर्मी जीआरपी थाना पहुंचे और मृतक की पहचान की। मृतक की जींस की जेब से मिले पहचान पत्र (आई-कार्ड) के आधार पर भी उनकी पहचान की पुष्टि हुई।

ट्रेन की चपेट में आने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बी. चंपईया सुबह ब्रश करने के दौरान रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान संभवतः किसी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। बताया गया कि बी. चंपईया ने करीब एक वर्ष पहले कोडरमा लोको रनिंग रूम के इंचार्ज का पदभार संभाला था। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।

रेलकर्मियों में शोक, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू

जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन और कोडरमा के रेलकर्मियों में शोक की लहर है। फिलहाल जीआरपी पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें