Samachar Post रिपोर्टर,रांची :राजधानी रांची में सोमवार सुबह से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे सड़कों पर यातायात बाधित रहा और जगह-जगह लंबा जाम देखने को मिला। सप्ताह की शुरुआत होने के कारण स्कूल, कॉलेज, सरकारी और निजी कार्यालय तथा कोर्ट खुले रहे, जिससे सड़कों पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया। बारिश से बचने के लिए लोग दोपहिया वाहनों की जगह चारपहिया वाहनों का अधिक उपयोग कर रहे हैं, जिससे ट्रैफिक और अधिक प्रभावित हुआ।
यह भी पढ़ें :झारखंड हाईकोर्ट ने शिव शंकर शर्मा की रिव्यू याचिका खारिज की, 50 हजार रुपये का जुर्माना बरकरार
शहर के कई इलाकों में लगा लंबा जाम
भारी बारिश के कारण राजधानी के लगभग सभी प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। मेन रोड, सर्कुलर रोड, बरियातू रोड, कचहरी से रातू रोड, हरमू बाइपास, कांके रोड, जेल मोड़ से करमटोली, बोरिया रोड, सिरमटोली और कांटाटोली से कोकर होते हुए बूटी रोड तक यातायात प्रभावित रहा। बीआईटी क्षेत्र और विकास मार्ग पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। ट्रैफिक पुलिस के लगातार प्रयासों के बावजूद लोगों को जाम से पूरी तरह राहत नहीं मिल सकी।

जलजमाव ने बढ़ाई परेशानी
नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शहीद चौक, कचहरी रोड, स्टेशन रोड और मेन रोड सहित कई स्थानों पर जलजमाव के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। थोड़ी ही देर की तेज बारिश ने शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बारिश में भी डटे रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मी
भारी बारिश के बीच ट्रैफिक पुलिस लगातार सड़कों पर मुस्तैद रही। कई जगहों पर पुलिसकर्मी बारिश से बचने के लिए रेनकोट या छाता लेकर यातायात संभालते नजर आए। कुछ स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी बिना जूते भी ड्यूटी करते दिखे, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जा सके। स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की इस मेहनत और समर्पण की सराहना की, हालांकि उन्होंने बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था की भी मांग की है।

Reporter | Samachar Post

