Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के प्रमुख लोकपर्व कर्मा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। राजधानी और आसपास के इलाकों में विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त जवान लगाए गए हैं, जबकि प्रत्येक थाना क्षेत्र में 10 से 15 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त और निगरानी की जाए।
कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल
कर्मा पूजा को लेकर रांची पुलिस कंट्रोल रूम को हाई अलर्ट पर रखा गया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, मार्गों और पूजा स्थलों पर लगे CCTV कैमरों के जरिए गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। इनकी जिम्मेदारी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने की होगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
त्योहार के दौरान अफवाह या भ्रामक जानकारी के जरिए माहौल खराब करने की कोशिशों को रोकने के लिए रांची पुलिस का तकनीकी सेल भी सक्रिय रहेगा। फेसबुक, WhatsApp, Instagram और X समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुलिस की नजर रहेगी। पुलिस ने कहा है कि भड़काऊ, आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाली किसी भी अपुष्ट जानकारी को बिना सत्यापन के शेयर या फॉरवर्ड न करें।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो पुलिस को तुरंत दें सूचना
रांची पुलिस ने शहरवासियों से कर्मा पूजा को पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और अफवाहों से बचने को कहा है। पुलिस के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति को आसपास कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई देता है अथवा सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक संदेश या अफवाह नजर आती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को दी जानी चाहिए। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।






















